स्किप करके मेन कंटेंट पर जाऍं
OpenAI

ईयू की आचार संहिता और यूरोप में एआई का भविष्य

हल्के पीले और सफेद रंग की घुमावदार ढालों तथा धुंधली प्रकाश-रेखाओं वाली अमूर्त पृष्ठभूमि.
लोड किया जा रहा है...

आज हम सामान्य प्रयोजन वाली एआई के लिए ईयू की आचार संहिता पर हस्ताक्षर करने का अपना इरादा घोषित कर रहे हैं. यह इस शर्त पर निर्भर है कि आगामी पर्याप्तता आकलन के दौरान एआई बोर्ड इसके मौजूदा संस्करण को औपचारिक मंजूरी दे. यह संहिता एआई डेवलपरों के लिए ईयू एआई अधिनियम का अनुपालन करने की रूपरेखा है. एआई अधिनियम और इसके दायित्वों के बारे में अधिक जानकारी के लिए हमारी परिचय-पुस्तिका यहां देखें.

इसके साथ ही, एआई की संभावनाओं का लाभ उठाने के इच्छुक यूरोपीय देशों और व्यवसायों की जबरदस्त मांग को देखते हुए, हम यूरोप के एआई भविष्य के निर्माण का काम आगे बढ़ाने के लिएदेशों के लिए OpenAI का यूरोपीय विस्तार” शुरू कर रहे हैं. 

हमारी तकनीक लाखों यूरोपीय लोगों के लिए आवश्यक बन गई है. सदस्यताओं, एपीआई डेवलपरों और व्यावसायिक ग्राहकों के लिहाज से ईयू के सदस्य देश दुनिया भर में हमारे प्रमुख बाजारों में शामिल हैं. हर दिन लोग, डेवलपर, संस्थान, नवोद्यम और अग्रणी उद्यम पूरे महाद्वीप में इन तरीकों से आर्थिक अवसर पैदा कर रहे हैं:

आचार संहिता यूरोप के लिए अप्रैल में घोषित ईयू एआई महाद्वीप कार्ययोजना को आगे बढ़ाने और एआई के आज से ही दिखाई दे रहे प्रभाव को विस्तार देने का मार्ग खोलती है. 

यूरोप को महाद्वीप की एआई प्रतिभाओं को विकसित और समर्थित करना होगा, भविष्य के व्यवसायों, रोजगार और आय का प्रतिनिधित्व करने वाले स्थानीय एआई डेवलपरों व उद्यमियों का साथ देना होगा और अधिक लोगों को एआई उपकरण उपलब्ध कराने होंगे, ताकि वे यूरोप को आगे ले जाने में मदद कर सकें. 

यूरोप में अक्सर सारा ध्यान विनियमन पर ही केंद्रित रहा है. अब यह रुख बदलने और इस अवसर का उपयोग करके यूरोप के नवप्रवर्तकों को नवाचार तथा निर्माताओं को यूरोप के भविष्य का निर्माण करने में सक्षम बनाने का समय है.

ईयू की आचार संहिता 

एआई राष्ट्र निर्माण की मूलभूत तकनीक है. बिजली की तरह यह अर्थव्यवस्थाओं को बदल देगी और उत्पादकता बढ़ाकर अत्यंत आवश्यक वृद्धि लाएगी. आधुनिक डिजिटल युग की पिछली तकनीकें संसाधनों का दोहन करती थीं और आर्थिक मूल्य को यूरोप से बाहर ले जाती थीं. इसके विपरीत, एआई एक उत्पादक तकनीक है, जिसे व्यापक रूप से उपलब्ध कराने पर लोगों को अधिक काम करने में सहायक उपकरण मिलेंगे और अर्थव्यवस्था का समग्र आकार बढ़ेगा. 

यूरोप के सामने चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि उसके लोग ऐसी एआई को आकार देने और उससे लाभ उठाने की स्थिति में हों, जो यूरोप की, यूरोप द्वारा और यूरोप के लिए हो. 

यह लक्ष्य पाने के लिए संहिता और एआई अधिनियम की जोखिम-आधारित रूपरेखा का अनुपालन स्थानीय नवोद्यमों और छोटे व्यवसायों के लिए यथासंभव सरल व सुव्यवस्थित होना चाहिए, क्योंकि वे यूरोप की एआई-प्रधान अर्थव्यवस्था के भावी नेता होंगे. हमने इन अगली पीढ़ी की कंपनियों को समर्थन देने के लिए अधिक सरलीकरण और सामंजस्य की वकालत की है और उनकी चिंताओं का समर्थन करते रहेंगे, क्योंकि वे यूरोप की, यूरोप द्वारा और यूरोप के लिए एआई की कुंजी हैं. 

ईयू की व्यापक एआई रणनीति का एक हिस्सा 

अंततः, आचार संहिता तभी सबसे प्रभावी होगी, जब वह एआई महाद्वीप कार्ययोजना के अनुरूप होकर एक साहसिक और एकीकृत यूरोपीय एआई रणनीति की रीढ़ बने. हम एआई बोर्ड और उसमें प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्य देशों को इस दृष्टिकोण को अपनाने और साकार करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं, ताकि एआई समृद्धि और प्रगति का स्रोत बन सके.  

संहिता और कार्ययोजना को मिलकर यूरोप के लिए आवश्यक एआई बुनियादी ढांचे का विकास आगे बढ़ाना होगा. साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि लोगों, व्यवसायों और विशेष रूप से डेवलपरों व नवोद्यमों के पास वैश्विक मंच पर प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व करने के लिए आवश्यक उपकरण हों.

ईयू को आकलन करना चाहिए कि उसकी नियामक व्यवस्थाएं एआई अपनाने की गति और ऊर्जा व प्रशिक्षण डेटा सहित एआई के लिए आवश्यक मूल संसाधनों की उपलब्धता को कैसे प्रभावित कर सकती हैं. यूरोप की प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने और अमेरिका के साथ लंबे समय से चले आ रहे
उत्पादकता अंतर(एक नई विंडो में खुलेगा) को दूर करने के लिए यह महत्वपूर्ण होगा. 

ईयू की रणनीति को उस बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए आवश्यक पूंजी निवेश आकर्षित करने हेतु दीर्घकालिक निश्चितता और स्पष्टता भी प्रदान करनी होगी.

संभावनाओं को प्रगति में बदलने के लिए हम यूरोपीय एआई बुनियादी ढांचा अभियान शुरू कर रहे हैं. इसमें संहिता को आधार बनाकर वास्तविक आर्थिक लाभ देने वाली यूरोपीय एआई के विकास को गति दी जाएगी.

देशों के लिए OpenAI का यूरोपीय विस्तार

हमारी ईयू आर्थिक रूपरेखा स्पष्ट थी. OpenAI का दृढ़ विश्वास है कि सही दृष्टि और क्रियान्वयन के साथ यूरोप वृद्धि को गति देने के लिए एआई का लाभ उठा सकता है और तकनीक के इस अगले अध्याय में वैश्विक नेताओं में शामिल हो सकता है. 

मई में हमने देशों के लिए OpenAI पहल शुरू की. यह दुनिया भर में उन देशों का समर्थन करती है जो डेटा केंद्रों, कार्यबल के कौशल व प्रतिभा और स्थानीय नवोद्यमों के समर्थन सहित अपना एआई बुनियादी ढांचा विकसित करना चाहते हैं. अब हम यूरोप में अपने काम को तेजी से बढ़ाने के लिए तैयार हैं.

गर्मियों से लेकर पतझड़ तक हम यूरोप की सरकारों, व्यवसायों और हितधारकों से मिलकर इन विषयों पर काम करेंगे: 

  • डेटा केंद्र क्षमता: एआई में नेतृत्व करने के लिए यूरोप को आवश्यक बुनियादी ढांचे की जरूरत होगी. इसीलिए हमने यूरोप में अगली पीढ़ी का एआई बुनियादी ढांचा बनाने वाली ईयू की एआई गीगाफैक्टरी पहल के संघों में शामिल होने के लिए रुचि-पत्र जमा किए हैं. ये परियोजनाएं अभी शुरुआती चरण में हैं, लेकिन इनमें यूरोप के भविष्य को ऊर्जा देने, नए स्थानीय उद्योगों को समर्थन देने और संप्रभु संगणन क्षमता उपलब्ध कराने की संभावना है. 
  • एआई-संचालित शिक्षा: दुनिया भर में लाखों विद्यार्थी और शिक्षक सीखने को व्यक्तिगत बनाने के लिए पहले से ही ChatGPT का उपयोग कर रहे हैं.  हमें एस्टोनिया सरकार के साथ अपनी तरह की पहली वैश्विक पहल पर काम करने पर गर्व है, जिसके तहत देश भर के माध्यमिक विद्यालयों में ChatGPT Edu उपलब्ध कराया जा रहा है. ईयू की अन्य सरकारों ने भी ऐसा करने में रुचि दिखाई है. 
  • रणनीतिक सरकारी साझेदारियां: हम सार्वजनिक क्षेत्र के लिए अपनी पेशकश का विस्तार जारी रख रहे हैं और एआई युग के अनुकूल सार्वजनिक-निजी साझेदारियों की नई कार्ययोजना पर यूरोपीय सरकारों के साथ काम करना चाहते हैं. हम पहले से ही ईयू डेटा रेज़िडेंसी और स्थानीय संस्कृतियों व भाषाओं के अनुसार ChatGPT को ढालने की सुविधा देते हैं. हम यूरोपीय सरकारों के साथ काम करना चाहते हैं, ताकि वे अपने स्थानीय मूल्यों के अनुरूप अपनी संप्रभु जरूरतों के लिए एआई को अपना और लागू कर सकें.
  • राष्ट्रीय एआई नवोद्यम कोष: अभूतपूर्व विचारों को यूरोपीय सफलता की कहानियों में बदलने के लिए OpenAI इच्छुक सरकारों के साथ मिलकर देश-स्तरीय समर्पित कोष जुटाने में मदद करना चाहता है, जो उच्च संभावना वाले एआई नवोद्यमों को शुरुआती पूंजी देंगे. स्थानीय संस्थापकों को समर्थन, अत्याधुनिक तकनीक तक शुरुआती पहुंच और तकनीकी सहायता देकर प्रत्येक कोष राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को पूरा करेगा तथा रोजगार, आय और नए उद्योगों के अवसर खोलेगा. 
  • एआई को अपनाना: सितंबर में हम एलाइड फॉर स्टार्टअप्स और व्यापक परिवेश के साथ ब्रसेल्स में एक एआई नीति नवाचार प्रतियोगिता आयोजित करेंगे, जिसका एक लक्ष्य होगा: यूरोपीय अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में एआई को अपनाने का मार्ग खोलना.

OpenAI यूरोप के महाद्वीपीय एआई लक्ष्यों को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है. हम गर्मियों से लेकर पतझड़ तक इन पहलों की प्रगति के बारे में और जानकारी साझा करेंगे. 

जिम्मेदार एआई

संहिता पर हस्ताक्षर करना यूरोपीय लोगों को सक्षम, सुलभ और सुरक्षित एआई मॉडल उपलब्ध कराने की हमारी प्रतिबद्धता दर्शाता है, ताकि वे इंटेलिजेंस युग के आर्थिक और सामाजिक लाभों में पूरी तरह भाग ले सकें.

हमने हमेशा पारदर्शिता, जवाबदेही और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए मॉडल विकसित किए हैं. ये सिद्धांत संहिता में भी प्रतिबिंबित होते हैं.

संहिता पर हस्ताक्षर करने से सुरक्षा और पारदर्शिता के उन कई उद्योग-अग्रणी उपायों को और मजबूती मिलती है, जिनकी हमने पिछले कई वर्षों में शुरुआत की है. इनमें ब्लेचली घोषणा (नवंबर 2023) और सियोल फ़्रेमवर्क (मई 2024), दोनों पर हस्ताक्षर करना शामिल है.

ब्लेचली शिखर सम्मेलन के बाद हम व्यापक सुरक्षा एवं संरक्षा प्रोटोकॉल प्रकाशित करने वाली पहली कंपनियों में शामिल थे. हमारा प्रिपेयर्डनेस फ़्रेमवर्क (2023) बताता है कि हम अत्याधुनिक एआई मॉडल को सुरक्षित रूप से कैसे लागू करते हैं. सियोल फ़्रेमवर्क और आंतरिक जवाबदेही व शासन-व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, हमने अप्रैल 2025 में अद्यतन प्रिपेयर्डनेस फ़्रेमवर्क प्रकाशित किया

हमने उद्योग-अग्रणी सुरक्षा पद्धतियां भी विकसित की हैं, जो अपनी तकनीक को जिम्मेदारी से विकसित और लागू करने में हमारा मार्गदर्शन करती हैं. इनमें ये शामिल हैं. 

  • हम लंबे समय से अपनी प्रमुख प्रस्तुतियों के साथ विस्तृत सिस्टम कार्ड प्रकाशित करते आए हैं. इनमें बताया जाता है कि हमारे मॉडल क्या कर सकते हैं और क्या नहीं, हमने किन जोखिमों की जांच की है और किन क्षेत्रों में अभी सीख रहे हैं. 
  • सुरक्षा मूल्यांकन केंद्र हमारे मॉडल के सुरक्षा मूल्यांकन परिणामों तक सार्वजनिक पहुंच प्रदान करता है.
  • हमारा रेड टीमिंग नेटवर्क हमारे मॉडल की कठोर जांच के लिए बाहरी विशेषज्ञों को शामिल करता है.
  • मॉडल स्पेक(एक नई विंडो में खुलेगा) यह समझने का अवसर देता है कि हम मानवीय मूल्यों और लोकतांत्रिक मानदंडों को प्रतिबिंबित करने के लिए मॉडल के व्यवहार को कैसे आकार देते हैं.

इन सभी प्रयासों ने उद्योग में सुरक्षा मानक स्थापित करने और व्यावहारिक आचार संहिता विकसित करने में अहम भूमिका निभाई है. हम सुरक्षा संबंधी अपने दृष्टिकोण में निरंतर सुधार करते रहेंगे, ताकि दुनिया में कहीं भी हमारी तकनीक का उपयोग सभी के हित में जिम्मेदारी से किया जा सके.

लेखक

OpenAI