OpenAI पार्टनर नेटवर्क का परिचय
किसी एंटरप्राइज़ में अब AI का फ़ायदा सिर्फ़ मॉडल की क्षमताओं से तय नहीं होता। बल्कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि कोई संस्थान किस तरह से उसके उपयोग के लिए सही मामलों की लगातार पहचान करता है, वर्कफ़्लो को कैसे नए सिरे से तैयार करता है, मौजूदा सिस्टम के साथ कैसे उन्हें जोड़ता है, और बड़े पैमाने पर बदलावों को स्वीकार करने व अपनाने के लिए किस तरह प्रेरित करता है।
हर संस्थान को OpenAI के फ़्रंटियर मॉडल और उत्पाद अपनाने और उन्हें दिखने वाले फ़ायदों में बदलने में मदद करने के लिए भरोसेमंद पार्टनरों का एक इकोसिस्टम चाहिए, जिनके पास इंडस्ट्री की गहरी समझ, ग्लोबल डिलीवरी की क्षमता और ग्राहकों के साथ मज़बूत रिश्ते हों।
आज, हम इसी ज़रूरत को पूरा करने के लिए 'OpenAI पार्टनर नेटवर्क' की घोषणा कर रहे हैं।
OpenAI पार्टनर नेटवर्क दुनिया भर के पार्टनरों के लिए OpenAI के साथ AI सॉल्यूशंस बनाने, बेचने और डिलीवर करने का एक नया प्रोग्राम है।
हम इस इकोसिस्टम को सपोर्ट करने और पार्टनरों की मदद करने के लिए 15 करोड़ डॉलर का निवेश कर रहे हैं, ताकि वे ज़्यादा से ज़्यादा संगठनों तक AI के फ़ायदे तेज़ी से पहुँचा सकें। OpenAI पार्टनर नेटवर्क की शुरुआत दुनिया के कुछ चुनिंदा पार्टनरों के साथ हो रही है, जो सिस्टम इंटीग्रेशन, मैनेजमेंट कंसल्टिंग, टेक्नोलॉजी और डेटा के क्षेत्रों में AI का नेतृत्व कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य 2026 के अंत तक 3,00,000 सर्टिफ़ाइड सलाहकारों को प्रशिक्षित और तैयार करना भी है।
हर इंडस्ट्री के संगठन AI के ज़रिए अपने काम करने के तरीके को पूरी तरह बदलने के लिए तैयार हैं। लेकिन उन बदलावों को अच्छी तरह से लागू करने के लिए फ़्रंटियर मॉडल के एक्सेस के साथ ही साफ़ रणनीति, एंटरप्राइज़ सिस्टम और डेटा के साथ सुरक्षित इंटीग्रेशन, वर्कफ़्लो में नए बदलाव, सुरक्षित डिप्लॉयमेंट और ऐसा चेंज मैनेजमेंट चाहिए जो लोगों को काम करने के नए तरीके अपनाने में मदद करे।
इनमें से हर कदम में पार्टनर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे ग्राहकों को यह समझने में मदद करते हैं कि AI कहाँ सबसे ज़्यादा फ़ायदा दे सकता है, वे ऐसे सॉल्यूशंस बनाते हैं जो उनके कामकाज के माहौल में काम कर सके और उन्हें उसी विश्वसनीयता, गवर्नेंस और सपोर्ट के साथ डिप्लॉय करते हैं जिसकी एंटरप्राइज़ अपेक्षा करते हैं।
OpenAI पार्टनर नेटवर्क से OpenAI के साथ काम करना पार्टनरों के लिए और आसान और अधिक लचीला बन जाता है, चाहे वे सह-विक्रय कर रहे हों, डिप्लॉय कर रहे हों, सॉल्यूशंस बना रहे हों या ग्राहकों को OpenAI तकनीक से जुड़ने में मदद कर रहे हों। यह प्रोग्राम पार्टनरों को उनके द्वारा पैदा की गई वैल्यू के लिए पहचान देता है और उन्हें वे सभी संसाधन, ट्रेनिंग और सपोर्ट देता है जिनकी उन्हें एक सफल AI प्रैक्टिस खड़ी करने के लिए ज़रूरत होती है। पार्टनर तीन स्तरों से आगे बढ़ सकते हैं: Select, Advanced और Elite, जिनमें बिक्री का परफ़ॉर्मेंस, तकनीकी क्षमता, सह-विक्रय सहभागिता और डिप्लॉयमेंट के अनुभव के लिए एक ऊँचा पैमाना तय किया गया है।
जैसे-जैसे यह प्लेटफ़ॉर्म विकसित होगा, पार्टनर इसमें विशेषज्ञता भी हासिल कर पाएँगे, जो Codex, साइबर सिक्योरिटी और एजेंट्स जैसे बड़े प्रभाव वाले क्षेत्रों में उनके गहरे अनुभव को दिखाएगा। ये विशेषज्ञता ग्राहकों को उन पार्टनरों की पहचान करने में मदद करेंगे जिनके पास उनके AI ट्रांसफ़ॉर्मेशन के लिए सबसे ज़रूरी क्षेत्रों में परखी हुई क्षमताएँ हैं। साथ ही, इससे पार्टनरों को अपनी विशेषज्ञता बढ़ाने, OpenAI के तेज़ी से बदलते प्रॉडक्ट डिलीवरी साइकिल के साथ अप-टू-डेट रहने और मार्केट में ज़्यादा सटीक सॉल्यूशंस लाने का एक साफ़ रास्ता मिलेगा।
जटिल एंटरप्राइज़ डिप्लॉयमेंट पर काम करने वाले पार्टनरों के लिए, OpenAI कुछ शुरुआती पार्टनर्स के साथ एक 'फ़ॉरवर्ड डिप्लॉयड एक्सपर्ट्स' (Forward Deployed Experts) प्रोग्राम का ट्रायल भी कर रहा है। यह प्रोग्राम इसलिए बनाया गया है ताकि जब किसी ग्राहक को बहुत ज़्यादा तकनीकी सहायता की ज़रूरत हो, तब योग्य पार्टनर प्रोफेशनल OpenAI की अपनी 'फ़ॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियरिंग' टीमों के साथ मिलकर बेहतर ढंग से काम कर सकें। इस प्रोग्राम से जुड़े लोगों को OpenAI की टेक्नोलॉजी, काम करने के तरीकों और ट्रांसफ़ॉर्मेशन पैटर्न को गहराई से समझने का मौका मिलेगा, जिससे वे ग्राहकों के कामकाज में OpenAI का असली और सटीक अनुभव ला सकेंगे।
OpenAI पार्टनर नेटवर्क अलग-अलग तरह के ऐसे संगठनों को एक साथ लाता है, जो एक दूसरे की कमियों को पूरा करते हैं। कुछ पार्टनर ग्राहकों को रणनीति तय करने और उनके काम करने के मॉडल को नए सिरे से तैयार करने में मदद करते हैं। वहीं अन्य पार्टनर AI को जटिल तकनीकी प्रणालियों से जोड़ने, इंडस्ट्री के हिसाब से खास सॉल्यूशंस बनाने, डेटा के आधार को आधुनिक बनाने, या दुनिया भर में फैले कर्मचारियों के बीच बदलावों को संभालने में संगठनों की मदद करते हैं।
हमारा मानना है कि AI इसी तरह पूरे इकोसिस्टम के साथ मिलकर ही सबसे ज़्यादा वैल्यू या फायदा पहुँचा सकता है। कोई भी एक कंपनी हर मार्केट में, हर ग्राहक के लिए, हर तरह का सॉल्यूशन अकेले नहीं दे सकती। पार्टनरों के साथ मिलकर काम करके, OpenAI ज़्यादा से ज़्यादा संगठनों तक ऐसे तरीकों से AI पहुँचा सकता है जो व्यावहारिक हों, भरोसेमंद हों और उनकी ज़रूरतों के मुताबिक हों।
AI अब संगठनों के काम करने के तरीके की एक नई बुनियाद बनता जा रहा है। इसकी पूरी क्षमता का लाभ उठाने के लिए OpenAI, हमारे पार्टनर और ग्राहकों के बीच गहरे सहयोग की ज़रूरत होगी।
OpenAI पार्टनर नेटवर्क उन तरीकों में से एक है जिनसे हम उस भविष्य में निवेश कर रहे हैं। अपने पार्टनरों के साथ मिलकर, हम दुनिया भर के एंटरप्राइज़ों तक AI के लाभ पहुँचाने के लिए काम कर रहे हैं।
जो लोग OpenAI से बनाना चाहते हैं, वो इस बारे में ज़्यादा जानकारी https://openai.com/business/partners पर पा सकते हैं


