स्किप करके मेन कंटेंट पर जाऍं
OpenAI

8 जून 2026

OpenAI आर्थिक अनुसंधान सहयोग मंच

प्रस्ताव आमंत्रण

OpenAI की आर्थिक अनुसंधान टीम अध्ययन करती है कि एआई कामगारों, कंपनियों, संस्थानों और व्यापक अर्थव्यवस्था को कैसे प्रभावित कर रहा है. इसके लिए हम कठोर आर्थिक अनुसंधान के साथ उत्पाद और उपयोग संबंधी डेटा का गोपनीयता-संरक्षित विश्लेषण, ग्राहकों और संस्थानों के साथ साझेदारियाँ तथा बाहरी शोधकर्ताओं के साथ सहयोग करते हैं.

बाहरी शोधकर्ताओं के साथ अपने सहयोग को औपचारिक रूप देने और उसका विस्तार करने के लिए हम OpenAI आर्थिक अनुसंधान सहयोग मंच शुरू कर रहे हैं. यह मंच एआई के आर्थिक प्रभावों पर उच्च-गुणवत्ता वाला अनुभवजन्य अनुसंधान करने के लिए शोधकर्ताओं के साथ सावधानी से निर्धारित दायरे में सहयोग को समर्थन देगा.

हम ऐसी परियोजनाएँ चाहते हैं जो एआई से जुड़े किसी महत्वपूर्ण आर्थिक प्रश्न से शुरू हों और फिर स्पष्ट करें कि OpenAI के साधनों के उपयोग का डेटा, उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता बनाए रखते हुए, उस प्रश्न पर एक विशिष्ट, अनुभवजन्य दृष्टिकोण कैसे दे सकता है.

अनुसंधान का दायरा और प्रमुख प्रश्न

हम निम्नलिखित मुख्य प्रश्नों में से एक या अधिक पर केंद्रित प्रस्ताव आमंत्रित करते हैं. यह सूची संपूर्ण नहीं है. हम मंच के व्यापक लक्ष्यों के अनुरूप अन्य ठोस प्रस्तावों का भी स्वागत करते हैं:

  • श्रम बाज़ार पर प्रभाव: एआई से प्रभावित हो सकने वाले कामों की पहचान से आगे बढ़कर हम कैसे मापें कि मॉडल की क्षमताएँ बेहतर होने के साथ किन व्यवसायों में वास्तव में मानवीय क्षमताओं का विस्तार, कामगारों का विस्थापन, नए कार्यों का सृजन या रोज़गार में वृद्धि होने की संभावना है या ऐसा हो रहा है?

  • नियोक्ताओं का व्यवहार और नौकरियों की रूपरेखा: एआई नियोक्ताओं के व्यवहार को कैसे बदलता है? इसमें भर्ती की माँग, रिक्त पदों की रूपरेखा, उम्मीदवारों की छँटाई, पारिश्रमिक, टीम की संरचना और यह प्रश्न शामिल हैं कि क्या कंपनियाँ एआई के अनुरूप नौकरियों को नया रूप देती हैं.

  • परिवारों का कल्याण: औपचारिक कामकाज से बाहर एआई का परिवारों के कल्याण पर क्या प्रभाव पड़ता है? इसमें निर्णय लेने, समय के उपयोग, देखभाल, वित्तीय नियोजन, स्वास्थ्य सेवाएँ खोजने और उनका उपयोग करने तथा रोज़मर्रा की आर्थिक खुशहाली पर पड़ने वाले प्रभाव शामिल हैं.

  • एआई और शिक्षा: शिक्षक एआई साधनों का उपयोग कैसे कर रहे हैं और क्या एआई के कारण उनकी भूमिकाएँ बदल रही हैं और/या उनका विस्तार हो रहा है? एआई से परिचय होने पर छात्रों के सीखने और करियर की तैयारी से जुड़े चुनाव कैसे बदलते हैं? 

  • पहुँच और लाभ में असमानता: एआई से किसे लाभ नहीं मिल रहा है और क्यों? कौन-सी बाधाएँ सबसे अधिक मायने रखती हैं और उन्हें कैसे दूर किया जा सकता है?

  • छोटे व्यवसाय और स्वतंत्र कामकाज: एआई छोटे व्यवसायों, स्वतंत्र पेशेवरों, एकल स्वामित्व वाले व्यवसायों, रचनाकारों और अन्य प्रकार की स्वतंत्र या अनौपचारिक आर्थिक गतिविधियों को कैसे प्रभावित करता है?

  • सार्वजनिक क्षेत्र और नागरिक जीवन: सार्वजनिक क्षेत्र और नागरिक जीवन में एआई के क्या आर्थिक प्रभाव हैं? इसमें सार्वजनिक क्षेत्र की उत्पादकता, कल्याणकारी लाभों तक पहुँच, शिक्षा प्रशासन, रोज़गार संबंधी एजेंसियाँ, परमिट जारी करना, कर प्रशासन और सार्वजनिक सेवाएँ प्रदान करना शामिल हैं.

  • ज्ञान सृजन और नवाचार: एआई ज्ञान सृजन और नवाचार को कैसे बदलता है? इसमें विज्ञान, अनुसंधान एवं विकास, अनुसंधान कार्यप्रवाह, विशेषज्ञों की उत्पादकता, पेटेंट और नवीनतम ज्ञान का प्रसार शामिल हैं.

  • बाज़ार की संरचना: एआई अपनाने से बाज़ार की संरचना पर क्या प्रभाव पड़ता है? इसमें बाज़ार का संकेंद्रण, कंपनियों की प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त, मंचों पर निर्भरता, सौदेबाज़ी की शक्ति, आपूर्तिकर्ताओं से संबंध और बाज़ार में प्रवेश की बाधाएँ शामिल हैं.

  • मूल्य का मापन: हमें एआई का आर्थिक मूल्य कैसे मापना चाहिए? इसमें भुगतान करने की इच्छा, व्यवहार से प्रकट मूल्य, कार्य-स्तर पर समय की बचत, बचाई गई लागत, गुणवत्ता के अनुसार समायोजित उत्पादन और उत्पादकता में टिकाऊ बढ़त शामिल हैं.

प्रस्ताव किसी एक प्रश्न पर केंद्रित हो सकते हैं या आपस में जुड़े प्रश्नों को एक साथ ले सकते हैं. जहाँ शोध प्रश्न के लिए कारणात्मक दावे करना ज़रूरी हो, वहाँ हम ऐसी अध्ययन रूपरेखाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित करते हैं जो केवल सहसंबंधों के वर्णन तक सीमित न रहें, बल्कि कारणात्मक प्रभावों की विश्वसनीय पहचान करें.

परियोजनाओं की समय-सीमाएँ और विविध परियोजनाओं का दृष्टिकोण

हम सोच-समझकर अलग-अलग समयावधियों वाली विविध परियोजनाओं को समर्थन दे रहे हैं:

  • अल्पकालिक (2-6 महीने): शुरुआती संकेत प्राप्त करने के लिए मौजूदा स्वीकृत डेटा, सार्वजनिक डेटा या स्पष्ट रूप से निर्धारित दायरे वाले साझेदारों के डेटा का उपयोग करके तेज़ी से पूरे किए जाने वाले अध्ययन.

  • मध्यम अवधि (6-12 महीने): ऐसे अध्ययन जो समय के साथ परिणामों पर नज़र रखें, विशिष्ट हस्तक्षेपों को परखें या अर्ध-प्रयोगात्मक भिन्नताओं का लाभ उठाएँ.

आवेदकों को बताना चाहिए कि उनका प्रस्ताव किस समय-सीमा को लक्षित करता है और अध्ययन किए जा रहे प्रश्न के लिए वह अवधि उपयुक्त क्यों है.

वित्तपोषण और अनुसंधान सहायता की व्यवस्था

हर चयनित परियोजना को मिलेगा:

  • प्रधान शोधकर्ता या शोधकर्ताओं के लिए एकमुश्त अनुसंधान अनुदान: $25,000

  • शोध सहायक के लिए मासिक वृत्तिका या अनुबंधित कर्मी का पारिश्रमिक: $7,500

  • गैर-प्रकटीकरण समझौते के तहत उत्पाद और उपयोग संबंधी स्वीकृत, गोपनीयता-सुरक्षित डेटा तक पहुँच, जो डेटा प्रशासन, गोपनीयता, कानूनी और सुरक्षा आवश्यकताओं के अधीन होगी.

  • परियोजना का दायरा तय करने, जुड़ने की शुरुआती प्रक्रियाएँ पूरी करने, डेटा की मंज़ूरी लेने, समीक्षा और निष्कर्षों के प्रसार के लिए आंतरिक सहायता की निर्धारित प्रक्रिया.

यह व्यवस्था समन्वय की लागत घटाने, क्रियान्वयन तेज़ करने और शोधकर्ताओं की स्वतंत्रता बनाए रखने के साथ-साथ परियोजनाओं की व्यवहार्यता सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है. बाहरी सहयोगों में विश्लेषण का वास्तविक कार्य अतिथि शोधकर्ता या उनके शोध सहायक को करना होगा. इसके लिए वे परियोजना-विशेष की ज़रूरतों के अनुसार डेटा निकालने या विश्लेषण करने हेतु आर्थिक अनुसंधान टीम पर निर्भर नहीं रह सकते.

अपेक्षाएँ और कार्य-उत्पाद

वित्तपोषित परियोजनाओं में केवल अंतिम शोधपत्र ही नहीं, बल्कि बीच के चरणों के स्पष्ट लक्ष्य भी होने चाहिए. शोधकर्ताओं से कम-से-कम निम्नलिखित अपेक्षाएँ होंगी:

  • परियोजना की समय-सीमा से जुड़े प्रमुख चरणबद्ध लक्ष्य तय करें, जैसे अध्ययन की रूपरेखा को अंतिम रूप देना, डेटा तक पहुँच प्राप्त करना, अंतरिम विश्लेषण करना और कार्य-उत्पाद का मसौदा तैयार करना.

  • विश्लेषण शुरू होने से पहले जुड़ने की शुरुआती प्रक्रियाएँ, अनुबंध और डेटा तक पहुँच के स्वीकृत चरण पूरे करें.

  • OpenAI की आर्थिक अनुसंधान टीम के साथ अंतरिम निष्कर्ष साझा करें.

  • समय-समय पर होने वाली शोध प्रस्तुतियों या सहयोगी समूह की चर्चाओं में भाग लें.

  • कम-से-कम एक लिखित कार्य-उत्पाद तैयार करें, जैसे ज्ञापन, कार्यपत्र, प्रकाशन का मसौदा, सार्वजनिक सार-संक्षेप, मानदंड या डेटासेट का दस्तावेज़ीकरण.

  • OpenAI की सहमत समीक्षा प्रक्रिया के ज़रिए बाहरी संचार या प्रकाशन का समन्वय करें.

हम ऐसे काम को प्राथमिकता दे रहे हैं जिसमें साक्ष्य, संगठन के भीतर की सीख और आर्थिक अनुसंधान समुदाय के बीच घनिष्ठ, निरंतर आदान-प्रदान हो और वे एक-दूसरे से सीखें.

प्रस्तावों का मूल्यांकन कैसे होगा

प्रस्तावों का मूल्यांकन इन आधारों पर होगा:

  • आर्थिक अनुसंधान टीम के प्राथमिकता वाले प्रश्नों से प्रासंगिकता

  • शोध पद्धति की कठोरता और विश्वसनीयता

  • परियोजना के दायरे, डेटा, गोपनीयता, कानूनी और समय-सीमा संबंधी सीमाओं को देखते हुए व्यवहार्यता (उदाहरण के लिए: हम किसी भी परिस्थिति में बातचीत का डेटा साझा नहीं करेंगे)

  • चरणबद्ध लक्ष्यों और रिपोर्ट देने की योजनाओं की स्पष्टता

  • मंच की संचालन व्यवस्था से अनुकूलता, जिसमें यह भी शामिल है कि वास्तविक कार्य कौन करेगा

  • एआई के आर्थिक प्रभावों पर विश्वसनीय बाहरी साक्ष्य जुटाने में योगदान की संभावना

  • OpenAI के स्वीकृत डेटा को नए और गोपनीयता-संरक्षित तरीकों से उपयोग करने की संभावना

हम इन शोधकर्ताओं के प्रस्तावों को प्राथमिकता देंगे: 

  • वे शोधकर्ता जिनके कार्य उनके प्रस्तावित अनुसंधान क्षेत्रों में पहले प्रकाशित हो चुके हैं

  • वे शोधकर्ता जिनकी पहुँच ऐसे विशिष्ट डेटा तक है जो महत्वाकांक्षी सहयोगों को संभव बनाने में मदद करे

अनुसंधान की स्वतंत्रता और निष्कर्षों का उपयोग

अध्ययन की रूपरेखा और विश्लेषण में शोधकर्ताओं की स्वतंत्रता बनी रहेगी. निष्कर्षों के बाहरी प्रकाशन या सार्वजनिक उपयोग का समन्वय OpenAI के साथ किया जाएगा, ताकि सटीकता, गोपनीयता की सुरक्षा, कानूनी अनुपालन और उचित संदर्भ सुनिश्चित हों. हम विश्वसनीय मापन के बिना बाहरी तौर पर कोई दावा नहीं करेंगे.

आवेदन कैसे करें

प्रस्ताव इस फ़ॉर्म के ज़रिए जमा करें और अतिरिक्त जानकारी एक ही गूगल दस्तावेज़ के लिंक में दें. संदर्भों और परिशिष्टों को छोड़कर प्रस्ताव तीन पृष्ठों से अधिक नहीं होना चाहिए. हर प्रस्ताव में ये बातें शामिल होनी चाहिए:

  • शोध प्रश्न और उन्हें चुनने के पीछे की प्रेरणा

  • मंच के एक या अधिक प्राथमिकता वाले प्रश्नों से मेल

  • प्रस्तावित शोध पद्धति और अनुभवजन्य रणनीति

  • डेटा की ज़रूरतें, जिनमें OpenAI के साधनों के उपयोग से जुड़ा वह विशिष्ट स्वीकृत संकेतक शामिल हो जो एआई से संबंधित व्यापक प्रश्न का उत्तर देने में मदद करेगा, और यह विवरण कि अध्ययन की रूपरेखा गोपनीयता कैसे बनाए रखेगी

  • लक्षित समय-सीमा और प्रमुख चरणबद्ध लक्ष्य

  • अनुसंधान टीम और प्रस्तावित शोध सहायक या अतिथि शोधकर्ता का परिचय

  • साक्ष्य, संगठन के भीतर की सीख और स्वीकृत सार्वजनिक संचार में अपेक्षित योगदान

  • दायरे की परिभाषा, जिसमें स्पष्ट हो कि कौन-से विश्लेषण, कार्य-उत्पाद, भौगोलिक क्षेत्र और हितधारक दायरे में हैं और कौन-से नहीं

  • सफलता के मानदंड, विफलता माने जाने की शर्तें, निर्भरताएँ, सीमाएँ और संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धताएँ

समय-सारणी

  • प्रस्ताव आमंत्रण जारी होने की तिथि: 8 जून, 2026

  • प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि: 5 जुलाई, 2026

  • प्रस्तावों पर निर्णय घोषित होने की तिथि: 31 जुलाई, 2026

अस्वीकरण: यह प्रस्ताव आमंत्रण केवल जानकारी और मूल्यांकन के उद्देश्यों से दिया गया है. इससे OpenAI या किसी भी आवेदक पर कोई बाध्यकारी दायित्व नहीं बनता है. यहाँ वर्णित सभी शर्तें प्रारंभिक हैं और इनमें बदलाव हो सकता है. प्रस्ताव जमा करने या OpenAI आर्थिक अनुसंधान सहयोग मंच में भागीदारी के लिए चयनित होने से वित्तपोषण, पारिश्रमिक या अनुबंध के तहत काम करने का अधिकार नहीं मिलता है. ऐसा कोई भी दायित्व तभी बनेगा जब OpenAI और चयनित पक्ष के बीच अंतिम लिखित समझौता विधिवत संपन्न हो जाएगा. 

लेखक

OpenAI