OpenAI

18 नवंबर 2026

इंटेलिजेंस युग

The Silent Consensus

लेखक: डीन बॉल

लेखक के विचार: आज का यह लेख हार्वर्ड में Vik-Bailey लेक्चर सीरीज़ के तहत हाल ही में दिए गए लेखक के एक लेक्चर पर आधारित है. इस पोस्ट में लेखक के अपने विचार हैं. ज़रूरी नहीं कि ये OpenAI या उसके दूसरे कर्मचारियों के विचार भी हों.



आज यहाँ आने के लिए आप सभी का शुक्रिया. इस समय साइबर सिक्योरिटी के इतिहास की सबसे अहम घटनाओं में से एक सामने आ रही है. सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमज़ोरियों की जानकारी सामने लाई जा रही है, जिसे कुछ लोग "ब्लैक अक्टूबर" कह रहे हैं. इंटरनेट के कुछ मुख्य इंफ़्रास्ट्रक्चर में ये कमज़ोरियाँ अत्याधुनिक AI सिस्टम्स ने ढूँढी हैं. इनकी जानकारी सामने लाना दुनिया भर में सॉफ़्टवेयर की सिक्योरिटी मज़बूत करने की एक ज़रूरी कोशिश का हिस्सा है. इस महीने यह सबसे ज़रूरी मुद्दा है, अगले महीने कोई दूसरा होगा. आज AI सिस्टम्स में सॉफ़्टवेयर की कमज़ोरियाँ ढूँढने की क्षमता आ चुकी है. इस क्षमता का अच्छा और बुरा, दोनों तरह से इस्तेमाल हो सकता है. जल्द ही कोई दूसरी ऐसी क्षमता सामने आएगी. तब भी गलत इरादे वाले लोगों के इसका नुकसानदायक इस्तेमाल करने से पहले इसे अच्छे काम में लगाने की कोशिश शुरू होगी. ऐसे कई ज़रूरी मुद्दे एक साथ सामने आते रहेंगे. और आज जिसे हम "AI पॉलिसी" कहते हैं, उसका बड़ा हिस्सा शायद इसी हलचल के बीच तैयार होगा.

लेकिन आज मैं आपसे इन तात्कालिक मुद्दों और इनके सामने आने पर उठाए जाने वाले कदमों के बारे में बात करने नहीं आया हूँ. मैं इस बड़ी तस्वीर पर बात करना चाहता हूँ कि हम किस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. जब लगातार इतने ज़रूरी मुद्दे सामने आ रहे हों, तो भविष्य से जुड़े ऐसे बड़े और कुछ हद तक सैद्धांतिक सवालों पर सोचना मुश्किल हो सकता है. लेकिन ये सवाल अहम हैं. अगर हमें यह साफ़ नहीं होगा कि लंबे समय में हम कैसा भविष्य चाहते हैं और किस तरह के भविष्य से बचना चाहते हैं, तो हो सकता है कि रास्ते में हर कदम पर समझदारी से फ़ैसले लेने के बावजूद आखिर में हम ऐसी दुनिया में पहुँच जाएँ, जैसी हम नहीं चाहते थे.

अक्सर कहा जाता है कि टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री के पास इस बात की कोई अच्छी तस्वीर नहीं है कि उसकी बनाई टेक्नोलॉजी हमें किस भविष्य की ओर ले जाएगी. मैं इससे सहमत नहीं हूँ. सैन फ़्रांसिस्को और बिज़नेस शुरू करने के दूसरे बड़े केंद्रों में टेक्नोलॉजी के बेहतर भविष्य को लेकर कई बड़े आइडियाज़ हैं. लोग सच में उड़ने वाली कारें, अपने-आप चलने वाली गाड़ियाँ, अलग-अलग साइज़ और आकार के रोबोट्स, न्यूक्लियर फ़्यूज़न और बेशक आर्टिफ़िशियल जेनरल इंटेलिजेंस बनाने पर काम कर रहे हैं. हमारे पास जिस चीज़ की कमी है, वह है भविष्य में हमारी संस्थाएँ कैसे काम करेंगी, इसकी कोई अच्छी तस्वीर: सवाल यह है कि यह सब चलेगा कैसे?

हालाँकि, इसका मतलब यह नहीं कि भविष्य में हमारी संस्थाएँ कैसी होंगी, इस बारे में कोई सोच ही नहीं है. अफ़सोस की बात यह है कि जो सोच मुझे सबसे ज़्यादा देखने को मिलती है, उसे मैं अच्छी नहीं मानता. अगर लोग इसके बारे में बात करते भी हैं, तो आम तौर पर दबी आवाज़ में. लेकिन ज़्यादातर समय इसे खुलकर कहा ही नहीं जाता. लोगों की बातों से बस इसका अंदाज़ा लगाया जा सकता है. मैं इसे silent consensus कहता हूँ.

ऐसी कंपनी की कल्पना कीजिए, जो इंसानों के काम किए बिना लगभग सब कुछ कर सकती है. उसके AI सिस्टम्स रिसर्च और डेवलपमेंट करते हैं, नई खोज करते हैं, कॉन्ट्रैक्ट्स पर बातचीत करते हैं, पूँजी कहाँ लगानी है यह तय करते हैं और मैन्युफ़ैक्चरिंग भी करते हैं. मान लीजिए कि यह कंपनी इन सभी कामों में इंसानों के चलाए बिज़नेस से बेहतर है, तब भी जब वे इंसान AI की मदद से अपनी क्षमता बढ़ा रहे हों. अगर इंसानों की भागीदारी से बिज़नेस सिर्फ़ धीमा होता है, तो मैनेजर्स और मालिकों के पास कंट्रोल छोड़ने की बड़ी वजह होगी. अगर पूरी दुनिया की इकोनॉमी में ऐसा होने लगा, तो बाज़ार में कॉम्पिटिशन के दबाव के चलते इंसानों को ग्लोबल बिज़नेस में अपनी सबसे अहम भूमिका छोड़नी पड़ सकती है. समय के साथ बाज़ार इंसानों की ज़रूरतों और इच्छाओं के बजाय मशीनों की ज़रूरतें भी उतनी ही या उससे ज़्यादा पूरी करने लग सकता है.

उसके बाद क्या होगा, इसका अंदाज़ा कोई भी लगा सकता है. शायद इंसानों को इससे बहुत फ़ायदा हो. अगर हमारी जगह ले चुकी मशीनें इंसानों को अपने आप में बेहद अहम मानें, तो हम उनके काम और उनसे पैदा हुई दौलत का फ़ायदा उठा सकते हैं. या फिर आर्थिक और धीरे-धीरे राजनीतिक ताकत भी खो देने के बाद दुनिया में हमारी अहमियत लगातार कम होती जाए. दुनिया में होने वाली घटनाओं की दिशा तय करने की हमारी क्षमता भी घटती जाए. हो सकता है कि कुछ ही लोगों के पास बहुत ज़्यादा ताकत और दौलत आ जाए, जबकि बाकी ज़्यादातर लोगों के पास कोई खास ताकत न बचे. या फिर हम सभी अपनी ताकत और फ़ैसले लेने की क्षमता खो दें. आगे जो भी हो, इस silent consensus के पीछे एक ही सोच है: दुनिया में इंसानों की सबसे अहम भूमिका खत्म हो जाएगी, जैसी आज हम उसे जानते हैं.

इनमें से किसी भी स्थिति के लिए ज़रूरी नहीं कि AI अपने बनाने वालों के खिलाफ़ बगावत करे. यह भी ज़रूरी नहीं कि AI के मालिक इंसानों की ताकत कम करना चाहते हों. हर बार किसी मशीन को काम सौंपने का फ़ैसला अपने आप में सही लग सकता है. लेकिन ऐसे सभी फ़ैसले मिलकर एक ऐसी दुनिया बना सकते हैं, जहाँ इंसान अपनी सभ्यता के बड़े हिस्से पर असरदार कंट्रोल खो चुके हों. भले ही हम AI की सेफ़्टी और अलाइनमेंट से जुड़े मुश्किल सवालों को हल करने में बहुत बड़ी कामयाबी हासिल कर लें, फिर भी हो सकता है कि हम अपनी डोर एक नई तरह की मशीन के हाथों में सौंप दें. भविष्य की अच्छी तस्वीर में, यह silent consensus हमें बताएगी कि वह मशीन दयालु होगी और हमेशा इंसानों की भलाई चाहेगी. जैसा ब्रॉटिगन की कविता में कहा गया है, प्यार और करुणा से भरी मशीन.

इस silent consensus के मुताबिक, हम अपनी कंपनियों और धीरे-धीरे शासन चलाने वाली संस्थाओं का कंट्रोल भी इन मशीनों को सौंप देंगे. वे इन्हें हम इंसानों से ज़्यादा अच्छी तरह, ज़्यादा कुशलता और बेहतर समझ व फ़ैसले लेने की क्षमता के साथ चलाएँगी. इस तरह समय के साथ हम स्टीयरिंग से अपने हाथ हटा लेंगे और अपनी भलाई चाहने वाली मशीनों को गाड़ी चलाने देंगे. हम कार में बैठे यात्रियों जैसे हो जाएँगे. शायद वह बहुत शानदार कार हो, इतनी शानदार कि आज हम उसकी कल्पना भी न कर सकें. लेकिन हम फिर भी सिर्फ़ यात्री होंगे, जिनका इस पर कोई कंट्रोल नहीं होगा कि कार कहाँ जा रही है. अगर हम कुछ काम करेंगे भी, तो वह ज़्यादातर बस एक रस्म निभाने या काम करने का दिखावा करने जैसा होगा. एक ऐसे खेल की तरह, जो इंसानों का मन बहलाने के लिए हो.

कुछ लोग कहेंगे कि यह silent consensus एक गलत सोच पर आधारित है, क्योंकि आज भी दुनिया पर हम इंसानों का पूरा कंट्रोल नहीं है. इस आलोचना को ध्यान में रखना ज़रूरी है. ऐसा कोई एक "हम" नहीं है, जो तय करता हो कि दुनिया में क्या होना चाहिए. चाहे हमें पसंद हो या नहीं, हम ऐसी दुनिया में रहते हैं, जहाँ फ़ैसले लेने की ताकत कई जगहों पर बँटी हुई है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम बेफ़िक्र हो जाएँ. भले ही "हम" दुनिया को "कंट्रोल" नहीं करते, लेकिन दुनिया के मामलों में इंसानों की सामूहिक भूमिका सबसे अहम है. जानवरों की कोई दूसरी प्रजाति संसाधनों पर कंट्रोल के मामले में हमें गंभीर चुनौती नहीं देती. हमें यह गलत सोच छोड़ देनी चाहिए कि इंसान ऊपर से आदेश देकर पूरी दुनिया को चला सकते हैं. लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि हम इस साफ़ सच्चाई को नकार दें कि धरती पर सामूहिक रूप से सबसे अहम भूमिका इंसानों की ही है.

कुछ लोग इस silent consensus के बारे में खुलकर बात करते हैं और मानते हैं कि ऐसा भविष्य सच में अच्छा होगा. दूसरे लोग इसे अच्छा नहीं मानते, लेकिन उन्हें लगता है कि इसे टाला नहीं जा सकता. यह silent consensus इसलिए नहीं बनी है कि सभी इसे अच्छा मानते हैं. न ही यह AI बनाने वालों की कोई गुप्त योजना है. इस सहमति के पीछे बस यह सोच है कि दुनिया के मामलों में इंसानों की सबसे अहम भूमिका खत्म होना तय है. या कम-से-कम, ऐसे भविष्य की कोई दूसरी तस्वीर सोचना बहुत मुश्किल है, जिसमें सुपरइंटेलिजेंट मशीनों के आने के बाद भी इंसानों की यह भूमिका मज़बूती से बनी रहे. कोई व्यक्ति इस नतीजे का दिल से विरोध कर सकता है, लेकिन फिर भी उसे भविष्य का कोई दूसरा भरोसेमंद रास्ता दिखाई न दे. इस सहमति के बारे में ज़्यादातर लोग चुप रहते हैं या ज़्यादा-से-ज़्यादा दबी आवाज़ में बात करते हैं. यही इसकी सबसे बड़ी निशानी है.

मुझे इस silent consensus से सख्त नफ़रत है. मैं यह मानने से इनकार करता हूँ कि दुनिया में इंसानों की सबसे अहम भूमिका खत्म हो जानी चाहिए. मुझे यह सोच भी बिल्कुल पसंद नहीं कि ऐसा होना तय है. मैं खुद को याद दिलाता हूँ कि अगर मैंने इस silent consensus को स्वीकार कर लिया, तो मैं अपने छोटे बेटे की खूबसूरत आँखों में आँखें डालकर नहीं देख पाऊँगा. इसलिए मैं इस silent consensus को साफ़ तौर पर नकारता हूँ. मेरा मानना है कि अब इसके बारे में खुलकर बात करने का समय आ गया है. हमें खुद को झकझोरकर इस सोच से बाहर निकालना होगा, जिसे हममें से ज़्यादातर लोगों ने बिना जाने ही स्वीकार कर लिया है.

लेकिन समस्या यह है कि silent consensus ऐसे ही आम सहमति नहीं बनी है. यह समझाना मुश्किल है कि इंसानों से कहीं ज़्यादा इंटेलिजेंट मशीनों के होते हुए भी कंट्रोल इंसानों के हाथों में कैसे रहेगा. ऐसा समझाने की ज़्यादातर कोशिशें इस तर्क पर टिकी होती हैं कि AI सिर्फ़ एक टूल है, जो पैटर्न पहचान सकता है लेकिन चीज़ों को "सच में समझ" नहीं सकता. मुझे डर है कि आने वाले समय की सच्चाई के सामने ये तर्क टिक नहीं पाएँगे. मुझे लगता है कि यह भी एक तरह की बेफ़िक्री है. यह इंसानों के हाथों में कंट्रोल रहने वाले भविष्य की किसी ठोस सोच पर कम और AI की क्षमताओं को नकारने पर ज़्यादा आधारित है. जब AI उन मुश्किल दिमागी सवालों को हल करने में आगे बढ़ रहा है, जिनके जवाब इंसान दशकों या सदियों से नहीं ढूँढ पाए, तो यह कहना मुश्किल है कि उसमें "सच में समझने" की क्षमता नहीं है.

तो फिर मैं क्यों मानता हूँ कि दुनिया में सबसे अहम भूमिका इंसानों की ही बनी रहनी चाहिए? इसका सीधा जवाब है कि मैं खुद एक इंसान हूँ और इंसानों को सबसे ऊपर रखने की अपनी सोच पर मुझे कोई अफ़सोस नहीं है.

लेकिन इसके पीछे एक और गहरी वजह भी है. दुनिया में हमारी सबसे अहम भूमिका हमारी बुद्धि पर निर्भर नहीं करती. न ही इसके लिए ज़रूरी है कि भविष्य में भी "सच में समझने" की क्षमता सिर्फ़ इंसानों के पास रहे. इसकी असली वजह हमारा अतीत है.

क्योंकि हम ही हैं जो कीचड़ से उठकर यहाँ तक पहुँचे हैं. हमने ही मिट्टी और पत्थरों से शुरुआती समाज बनाया. हमने ही तारों की ओर देखकर पूछा कि ऐसा क्यों है. हमने ही अपने झगड़ों, प्यार, जलन और खुशियों के बीच सही-गलत की समझ, नैतिकता और कानून विकसित किए. हमने ही गाने गाए, नृत्य किया, लिखा और संगीत रचा. इतिहास हमने ही बनाया और उसे लिखा भी हमने ही. यह विरासत हमारी है. हमने जो सभ्यता बनाई है, वह एक ऐसी लौ है जिसे हमने सँभालकर जलाए रखा है. और यह लौ हमारी है. हमारा अतीत एक शानदार विरासत है, जिसकी देखभाल की ज़िम्मेदारी हम सभी की है. इस ज़िम्मेदारी का एक हिस्सा उस बातचीत में शामिल रहना भी है, जिसे माइकल ओकशॉट ने "इंसानों के बीच सदियों से चलती आ रही बातचीत" कहा था. यह एक महान सिलसिला है, जिसकी शुरुआत मानव इतिहास के शुरुआती दौर में हुई थी.

अपने लंबे और उतार-चढ़ाव भरे इतिहास में हमने एक सभ्यता बनाई. अमेरिका में इस सभ्यता की नींव व्यक्ति के अधिकारों पर रखी गई और इस बात को अहमियत दी गई कि हर इंसान को ज़िंदगी में अपना रास्ता खुद बनाने का हक है. इंसानों की ज़िंदगी बेहतर भी हो सकती है और खराब भी. हम अपने समझदारी भरे फ़ैसलों का फ़ायदा उठाते हैं और गलतियाँ करने पर उनके नतीजे भी भुगतते हैं. अपना रास्ता खुद चुनने का अधिकार इस बात पर निर्भर नहीं करता कि कोई कितना होशियार या समझदार है. अगर मेरा पड़ोसी मुझसे बेहतर फ़ैसले लेता है, तो इससे एक नागरिक के तौर पर मेरा दर्जा कम नहीं हो जाता. मुझे कोई वजह नहीं दिखती कि ज़्यादा इंटेलिजेंट मशीन आने से मेरा यह दर्जा खत्म हो जाना चाहिए. बल्कि इसे खत्म होने से रोकने की हर वजह मुझे दिखाई देती है.

कुछ लोग तर्क दे सकते हैं कि मशीनों ने हमारी इस विरासत का लगभग पूरा लिखित इतिहास पढ़ लिया है, इसलिए वे भी इसकी वारिस हैं. एक मायने में यह सही भी है. लेकिन अगर कोई व्यक्ति आपके परिवार की पुरानी अटारी में रखी हर चिट्ठी पढ़ ले, तो वह आपके परिवार का हिस्सा नहीं बन जाता. AI सिस्टम्स भी इंसानों के बीच सदियों से चलती आ रही इस बातचीत का हिस्सा बनेंगे. पहले वे इसे देखेंगे और समझेंगे, फिर धीरे-धीरे इसमें हिस्सा भी लेने लगेंगे. लेकिन उन्हें इस बातचीत पर हावी नहीं होना चाहिए और न ही इसे बेमतलब बना देना चाहिए. दुनिया में इंसानों की सबसे अहम भूमिका छोड़ देना, अपने पूर्वजों के साथ उतना ही बड़ा धोखा होगा जितना आने वाली पीढ़ियों के साथ. अगर इसके लिए लड़ना ज़रूरी नहीं है, तो फिर किसी भी चीज़ के लिए लड़ना ज़रूरी नहीं है.

मेरा मानना है कि silent consensus को मानने वाले लोग इस बारे में गलत हैं कि मशीन सुपरइंटेलिजेंस कैसी होगी. वे दुनिया के काम करने के तरीके से जुड़ी एक अहम बात को समझ नहीं पा रहे हैं. वे इंटेलिजेंस और ताकत को एक ही चीज़ मान लेते हैं. अगर पाँच या दस साल पहले silent consensus को मानने वाले किसी व्यक्ति को आज के AI सिस्टम्स की क्षमताओं के बारे में बताया जाता, तो शायद वह अनुमान लगाता कि आज बेरोज़गारी जितनी है, उससे कहीं ज़्यादा होगी और बड़े पैमाने पर इंसानों के हाथों से ताकत निकलने का सिलसिला अब तक कहीं ज़्यादा आगे बढ़ चुका होगा. मेरा मानना है कि इंसानों की सामूहिक समझ और क्षमता silent consensus को मानने वालों की सोच से कहीं ज़्यादा है और हमारे समाज उनके अनुमान से कहीं ज़्यादा मज़बूत साबित होंगे.

लेकिन मैं गलत भी हो सकता हूँ. उदाहरण के लिए, ऐसा हो सकता है कि पूरी तरह ऑटोनॉमस कंपनियाँ इंसानों के चलाए बिज़नेस को कॉम्पिटिशन में पूरी तरह पीछे छोड़ दें. अगर ऐसा हुआ, तो इकोनॉमी के सीधे हिसाब से ज़्यादा-से-ज़्यादा पूँजी मशीनों के हाथों में जाना फ़ायदेमंद होगा. ऐसे भविष्य में इंसानों की ताकत कम होने के लिए मशीनों को मानव सभ्यता पर कब्ज़ा करने की ज़रूरत नहीं होगी. इसके लिए सिर्फ़ इतना काफ़ी होगा कि पूँजीवादी बिज़नेस का मौजूदा तरीका आगे बढ़ता रहे. इस मामले में AI क्रांति की सबसे करीबी तुलना कृषि क्रांति से होगी, जब उत्पादन के नए तरीकों ने मानव समाज की पूरी बनावट बदल दी थी. लेकिन यह साफ़ नहीं है कि उस दौर में जीने वाले इंसानों के लिए यह बदलाव अच्छा था. बल्कि ऐसे काफ़ी सबूत हैं कि इस बदलाव से हज़ारों साल तक इंसानों की ज़िंदगी और खुशहाली पर बुरा असर पड़ा.

मुझे नहीं पता कि हमारा भविष्य ऐसा ही होगा या नहीं. सच तो यह है कि मैंने दूसरी जगहों पर भी तर्क दिया है कि मुझे ऐसा नहीं लगता. लेकिन मेरे कई साथी, जो समझदार, दूसरों की परवाह करने वाले और अपनी ज़िम्मेदारियों को गंभीरता से लेने वाले लोग हैं, मानते हैं कि भविष्य में ऐसा होने की काफ़ी संभावना है. अगर वे सही हैं, तो इस silent consensus के खिलाफ़ हमारी लड़ाई और मुश्किल होगी. हमें इकोनॉमी के बहाव के खिलाफ़ जाना होगा. ऐसा करते हुए हमें उन कई मान्यताओं को भी छोड़ना पड़ेगा, जिन्हें मेरे जैसे क्लासिकल लिबरल सोच वाले लोग अटल सच मानते हैं. यह बहुत जोखिम भरी कोशिश होगी और इसमें नाकाम होने की संभावना भी कम नहीं है. लेकिन अगर यह लड़ाई लड़ने लायक नहीं है, तो फिर कोई भी लड़ाई लड़ने लायक नहीं है.

इंसानों की सबसे अहम भूमिका बनाए रखने का मतलब है कि इंसानों और उनकी संस्थाओं की जवाबदेही भी बनी रहे. यानी अगर AI डेवलपर्स असुरक्षित तरीकों से टेक्नोलॉजी डेवलप करते हैं, तो उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. इसी तरह, अगर AI इस्तेमाल करने वाले लोगों या कंपनियों के गलत इस्तेमाल या सही निगरानी न करने से नुकसान होता है, तो उनकी भी जवाबदेही तय होनी चाहिए. इसके लिए सिर्फ़ कानून नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने वाला टेक्निकल इंफ़्रास्ट्रक्चर भी चाहिए. लोगों को अपने एजेंट्स के ऐक्शन्स की ज़िम्मेदारी लेनी होगी. और जिन एजेंट्स से कोई इंसान सीधे तौर पर नहीं जुड़ा है, अगर उन्हें कानूनी तौर पर चलने वाली इकोनॉमी में हिस्सा लेने दिया भी जाए, तो उनके लिए सेफ़्टी के सख्त नियम होने चाहिए. एजेंट्स को अगर अपने-आप कंपनियाँ बनाने, प्रॉपर्टी रखने या कानूनी मुकदमे लड़ने की क्षमता दी जाती है, तो उसमें बेहद सावधानी बरतनी चाहिए.

मेरी इंडस्ट्री में भी हम गंभीरता से सोचना शुरू कर सकते हैं कि ऐसी इंटेलिजेंट मशीनें कैसे बनाई जाएँ, जिनके होते हुए भी इंसानों की सबसे अहम भूमिका बनी रहे. हम ऐसे एजेंट्स बना सकते हैं, जिनकी परमिशन्स साफ़ और सीमित हों, जिनके ऐक्शन्स का ऑडिट किया जा सके और जिनको दिए गए अधिकार यूज़र्स वापस ले सकें. दूसरों पर बड़ा असर डालने वाले ऐक्शन्स की जवाबदेही तय करने के लिए लोगों की आम निजी ज़िंदगी पर नज़र रखना या बिना नाम बताए अपनी बात रखने का अधिकार खत्म करना ज़रूरी नहीं है. हम यूज़र्स की प्राइवेसी और उनकी डिजिटल प्रॉपर्टी व डेटा पर उनके अपने कंट्रोल को बनाए रखने का कमिटमेंट कर सकते हैं. इसमें अपना डेटा कहीं और ले जाने की सुविधा भी शामिल है, जो सच में काम करे. हम ऐसे सिस्टम्स डिज़ाइन कर सकते हैं, जो सिर्फ़ टास्क पूरे न करें, बल्कि लोगों को चीज़ें समझने और फ़ैसले लेने में भी मदद करें. साथ ही, हम यह भी टेस्ट कर सकते हैं कि हमारे बनाए प्रोडक्ट्स से यूज़र्स की दुनिया में खुद कदम उठाने और काम करने की क्षमता बढ़ती है या नहीं.

इनमें से कोई भी बात ऐसी दुनिया के लिए पूरा ब्लूप्रिंट नहीं है, जहाँ मशीनों की इंटेलिजेंस इंसानों से कहीं ज़्यादा हो. अगर कोई दावा करे कि उसके पास ऐसा पूरा ब्लूप्रिंट है, तो मुझे उस पर भरोसा नहीं होगा. लेकिन शुरुआत यहाँ से की जा सकती है.

भविष्य अभी घने कोहरे में छिपा है. लेकिन हम आज भी कदम उठा सकते हैं. सबसे पहले, हम सब मिलकर उस सोच को खुलकर सामने ला सकते हैं, जिस पर silent consensus बनती जा रही है. हम उसे साफ़ तौर पर समझ सकते हैं और उस पर सवाल उठा सकते हैं. हममें से हर कोई अपनी उम्मीदों और लक्ष्यों का दायरा बहुत बढ़ा सकता है. हम यह चुन सकते हैं कि AI हमारी क्षमताओं को कम न करे, बल्कि हम मेहनत करके इसकी मदद से अपनी क्षमताएँ बढ़ाएँ. हम पहले से कहीं ज़्यादा बड़े और साहसी सवाल पूछना सीख सकते हैं, नई ऊर्जा और पूरे जोश के साथ दुनिया को समझने की कोशिश कर सकते हैं और इसमें अपनी ताकतवर मशीनों का इस्तेमाल कर सकते हैं. हम एक नए तरह के इंसान बन सकते हैं. ऐसा इंसान नहीं जो इंसानी सीमाओं को पार कर जाए, बल्कि ऐसा इंसान जिसकी क्षमताएँ पहले से कहीं ज़्यादा बढ़ गई हों.

जब मैं अपने नन्हे बेटे को देखता हूँ, तो यही सोचता हूँ. मैं नहीं चाहता कि उसकी ज़िंदगी सिर्फ़ ऐसी मशीनों की देखरेख में बीते, जो उसकी भलाई चाहती हों, भले ही वे उसे कितनी भी आरामदायक ज़िंदगी दे सकें. मैं चाहता हूँ कि उसे ऐसी दुनिया मिले, जहाँ वह ऐसे सवाल पूछ सके जो पहले किसी ने नहीं सोचे और ऐसी चीज़ें बना सके जिन्हें बनाने का खयाल पहले किसी को नहीं आया. मैं नहीं चाहता कि उसके पास बस एक बेहतर कार हो, जिसमें बैठने वाले यात्री की सीट और आरामदायक हो. मैं चाहता हूँ कि कार की स्टीयरिंग उसके अपने हाथों में हो.

  • 2026

लेखक

Dean Ball