OpenAI के सिस्टम में सुरक्षा खामियाँ खोजने के लिए हैकट्रॉन से साझेदारी
आज हम OpenAI के सिस्टम में सुरक्षा खामियाँ खोजने के लिए हैकट्रॉन के साथ साझेदारी की घोषणा कर रहे हैं. हमारे इंजीनियर और हैकट्रॉन के सुरक्षा शोधकर्ता मिलकर जाँच के लिए ऐसे क्षेत्र चुनेंगे जिन्हें अधिक प्राथमिकता देने की ज़रूरत है. खास ध्यान इस बात पर होगा कि हमारे सिस्टम तृतीय-पक्ष सेवाओं के साथ कैसे काम करते हैं. इस साझेदारी के तहत, हम डेब्रेक रेड के ज़रिए अपने अत्याधुनिक मॉडल तक हैकट्रॉन की पहुँच बढ़ा रहे हैं.
अत्याधुनिक AI की मदद से साइबर सुरक्षा को तेज़ी से बेहतर बनाने के साथ-साथ, हम उतनी ही तत्परता से अपने सिस्टम में भी सुरक्षा खामियाँ खोजने और दूर करने में जुटे हैं. इस सप्ताह की शुरुआत में हमने घोषणा की थी कि सुरक्षा जाँच के हमारे अगले सघन अभियान में कैथेड्रल के शोधकर्ता हमारी टीमों के साथ काम करेंगे. हमने सुरक्षा खामियाँ खोजने के लिए दी जाने वाली इनामी राशि भी बढ़ाई है, ताकि स्वतंत्र शोधकर्ताओं को ऐसी खामियाँ खोजने के लिए और प्रोत्साहन मिले जो शायद हमारी अपनी जाँच में छूट गई हों.
सुरक्षा खामियाँ खोजने पर इनाम देने के अपने कार्यक्रम के ज़रिए हम हैकट्रॉन से परिचित हुए. उसके शोधकर्ताओं ने जो खामियाँ खोजकर हमें बताईं, सुरक्षा पर उनके असर को देखते हुए हम उनके काम से प्रभावित हुए. यह टीम कोड की समीक्षा, सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश करके उनकी सुरक्षा जाँचने और रेड टीमिंग के लिए AI एजेंट बनाती है. उनके शोध(एक नई विंडो में खुलेगा) से ऐप्लिकेशन, क्लाउड अवसंरचना और पहचान प्रणालियों के आपस में काम करने के तरीकों में सुरक्षा खामियाँ सामने आई हैं. उनका काम दिखाता है कि जब सुरक्षा इंजीनियर AI को आधार बनाकर अपने काम को तेज़ करते हैं और अधिक महत्वाकांक्षी शोध का बीड़ा उठाते हैं, तो क्या-क्या संभव हो सकता है.
AI एजेंट सेवाओं को नए तरीकों से जोड़ रहे हैं, जिससे इन कौशलों का मेल और भी उपयोगी हो जाता है. हैकट्रॉन के साथ काम करने से हमें इन कनेक्शन की अधिक गहराई से जाँच करने और उससे मिली सीख के आधार पर अपनी सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी.
हम हैकट्रॉन और उन अन्य स्वतंत्र शोधकर्ताओं के आभारी हैं जो खामियाँ खोजने और उनकी जानकारी देने में अपना समय लगाते हैं. उनका यह योगदान हमारे सभी उपयोगकर्ताओं की हिफ़ाज़त करने वाली सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाता है. यह जानने के लिए कि कौन-से सिस्टम कार्यक्रम के दायरे में आते हैं, या किसी खामी की जानकारी देने के लिए, सुरक्षा खामियाँ खोजने पर इनाम देने के हमारे कार्यक्रम(एक नई विंडो में खुलेगा) पर जाएँ.


